पश्चिम बंगाल सरकार ने यूसीसी मसौदे के अध्ययन के लिए नौ सदस्यीय समिति की अधिसूचित
पूर्व मेदिनीपुर के शंकरपुर से ट्रॉलर सहित लापता हुए 15 मछुआरों का शनिवार को दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप क्षेत्र स्थित बाघेरचर द्वीप के निकट पता चल गया। सभी मछुआरे सुरक्षित बताए गए हैं।
मेदिनीपुर। पूर्व मेदिनीपुर के शंकरपुर से ट्रॉलर सहित लापता हुए 15 मछुआरों का शनिवार को दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप क्षेत्र स्थित बाघेरचर द्वीप के निकट पता चल गया। सभी मछुआरे सुरक्षित बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, छह जुलाई को मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गए मछुआरों से संपर्क टूट गया था, जिसके बाद उनके परिजनों और स्थानीय मछुआरा संगठनों में चिंता बढ़ गई थी। शनिवार सुबह लगभग सात बजे उनके ठिकाने की जानकारी मिली।
शंकरपुर फिशरमैन एंड फिश ट्रेडर्स एसोसिएशन के सचिव स्वदेश रंजन नायक ने बताया कि ट्रॉलर के इंजन में पानी भर जाने के कारण वे समुद्र में फंस गए थे। वर्तमान में सभी मछुआरे काकद्वीप के बाघेरचर क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर दूर हैं। उन्हें वापस लाने के लिए शंकरपुर से एक लांच भेजी गई है।
इसी बीच बंगाल की खाड़ी में एक अन्य ट्रॉलर दुर्घटना का भी समाचार है। बक्खाली तट से लगभग 12 से 14 किलोमीटर दूर मछली पकड़ने गई एक ट्रॉलर का पाटातन फट जाने से उसमें पानी भर गया और वह डूब गई। हालांकि, उसमें सवार सभी 12 मछुआरों को आसपास मौजूद अन्य ट्रॉलरों ने सुरक्षित बचा लिया।
उल्लेखनीय है कि प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के कारण दो से सात जुलाई तक गहरे समुद्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया था। प्रतिबंध हटने के बाद भी समुद्र की उग्र स्थिति के कारण अधिकांश मछुआरे समुद्र में नहीं जा पा रहे हैं, जिससे मौसम के प्रारंभ में ही उन्हें आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।